
कल निराला नगर में गूंजेगा भारतीय नववर्ष का शंखनाद: 5000 घरों में पहुँची 'नववर्ष किट', तैयारियां तेज
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और डॉ. नीरज सिंह करेंगे सहभागिता
लखनऊ। भारतीय संस्कृति के संवर्धन और विक्रम संवत 2083 के भव्य स्वागत हेतु राजधानी लखनऊ पूरी तरह से तैयार है। 'भारतीय नववर्ष महोत्सव समिति' द्वारा संचालित जन-जागरण अभियान के तहत आज संयोजक अभिषेक खरे के नेतृत्व में शहर भर में 5000 'भारतीय नववर्ष किट' का वितरण किया गया।
घर-घर पहुँची उत्सव की सौगात
समिति के कार्यकर्ताओं ने टोलियों में निकलकर राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में नववर्ष किट वितरित की। इस विशेष किट में 4 डिजाइनर दीपक, केसरिया ध्वज, रोली-चंदन और प्रसाद शामिल है। अभियान का उद्देश्य स्पष्ट है—चैत्र नवरात्रि की प्रतिपदा पर हर सनातनी घर की छत पर भगवा लहराए और शाम को दीप प्रज्वलित कर नववर्ष का स्वागत हो। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार के सहयोग से 18 मार्च को निराला नगर स्थित सरस्वती कुंज में शाम 5 बजे भव्य 'भारतीय नववर्ष महोत्सव' एवं 'मां गायत्री दीपयज्ञ' का आयोजन होगा। यह आयोजन भारतीय कालगणना के गौरव को पुनर्स्थापित करने और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक साझा मंच बनेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया किइस सांस्कृतिक महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के यशस्वी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रखर वक्ता और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह मुख्य वक्ता के रूप में नववर्ष के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित शहर की अनेक गणमान्य विभूतियां सम्मिलित होंगी। संयोजक अभिषेक खरे ने बताया कि समिति का संकल्प है कि हमारा उद्देश्य केवल कैलेंडर बदलना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के भीतर अपनी गौरवशाली सनातन परंपराओं के प्रति गर्व का भाव जागृत करना है। हम चाहते हैं कि हर घर में दीपावली जैसा उत्साह हो। इस मौके पर कोषाध्यक्ष विमर्श कुमार रस्तोगी, मंत्री संजीव बालाजी श्याम जी अग्रवाल एवं मंत्री उषा अग्रवाल मौजूद रहे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).