
लखनऊ विश्वविद्यालय देश के सर्वाधिक उन्नत सरकारी विश्वविद्यालयों की सूची में शीर्ष पर
- पिछले पाँच वर्षों में शैक्षणिक और प्रशासनिक सुधारों के चलते हासिल किया उत्कृष्टता का स्थान
दया शंकर चौधरी
लखनऊ। प्रदेश के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि लखनऊ विश्वविद्यालय ने इंडिया टुडे रैंकिंग 2025 में "सर्वाधिक उन्नत सामान्य सरकारी विश्वविद्यालयों" की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग 2020 से 2025 तक के पाँच वर्षों में विभिन्न प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर विश्वविद्यालयों की प्रगति का मूल्यांकन कर जारी की गई है।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा बीते पाँच वर्षों में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, डिजिटलीकरण, छात्र-केंद्रित नवाचार और संकाय विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर किए गए प्रयासों का ही यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लाए जा रहे संरचनात्मक सुधारों का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर परिलक्षित हो रहा है।
इंडिया टुडे की इस वार्षिक रैंकिंग में देश के प्रमुख सरकारी विश्वविद्यालयों की प्रगति यात्रा को रैंकिंग में प्रतिशत सुधार के आधार पर मापा गया, जिससे संस्थागत प्रदर्शन की गतिशीलता स्पष्ट रूप से सामने आती है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने वर्ष 2020 में 23वें स्थान से छलांग लगाकर वर्ष 2025 में 11वें स्थान तक पहुँचते हुए, शीर्ष 5 में प्रथम स्थान अर्जित किया है। विश्वविद्यालय ने आचार्य नागार्जुन विश्वविद्यालय (गुंटूर), गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (अमृतसर), भरतियार विश्वविद्यालय (कोयंबटूर) और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (समस्तीपुर) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी पीछे छोड़ा है।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय द्वारा किए गए सतत प्रयासों जैसे नई शैक्षणिक योजनाओं की शुरुआत, योग्य संकाय की नियुक्ति, अनुसंधान को प्रोत्साहन, आधुनिक तकनीकों का समावेश और छात्रों की सुविधा के लिए संरचनात्मक विकास का प्रतिफल है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने कहा कि यह रैंकिंग लखनऊ विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है। हम नवाचार, समावेशिता और वैश्विक शैक्षणिक मानकों की दिशा में अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखेंगे।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).