
झलक 2026 : भारत की विविध संस्कृतियों का समागम
लखनऊ | सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, गोयल कैंपस का परिसर 31जनवरी 2026की सांय कालीन बेला में उल्लास, आनंद और उत्साह से सराबोर हो गया जब विद्यालय का वार्षिक समारोह ‘झलक’ दशकोत्सव के रूप में आयोजित किया गया। यह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भारत की समृद्ध एवं विविध विरासत को प्रदर्शित करने वाला एक अनुपम उत्सव था, इस आयोजन को वंदेभारत को केंद्र में रख कर प्रस्तुत किया गया जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस गरिमामयी कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथि श्री गौरव अग्रवाल, मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम), लखनऊ मंडल, उत्तर पूर्व रेलवे;विशेष अतिथि सुश्री तुलिका आनंद चरण उपमहाप्रबंधक सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल्स, श्री महेश अग्रवाल, अध्यक्ष, गोयल ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस;, सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल्स तथा प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक , उपप्रधानाचार्या श्रीमती अनीता गुप्ता उपस्थित रहीं। अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण एवं अभिभावकों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मुख्य अतिथि के सभास्थल की ओर आगमन पर विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोक के उच्चारण द्वारा उनका स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत मंगलमय वातावरण में हुआ। इसके पश्चात “जल – शुद्धिकर्ता” शीर्षक से एक प्रतीकात्मक समारोह प्रस्तुत किया गया, जिसमें रिक्त पात्र में जल अर्पित कर शुद्धता एवं सतत विकास का सशक्त संदेश दिया गया। अतिथियों को स्नेहपूर्वक स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मनमोहक स्वागत नृत्य से हुई। तत्पश्चात श्री महेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अभिभावकों का हार्दिक स्वागत करते हुए अपना स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। संध्या का प्रमुख आकर्षण भारत के पूर्वी, उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलक थी, जिसे नृत्य और नाट्य के सुंदर समन्वय द्वारा प्रस्तुत किया गया। पूर्व की कोमलता, पश्चिम की जीवंतता,उत्तर की ऊर्जा तथा दक्षिण की शास्त्रीय गरिमा और भक्ति भाव को कलाकारों ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया । रंग-बिरंगे परिधान, मधुर संगीत और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निष्ठा, परिश्रम और ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय द्वारा CLAT , AILET में सफलता प्राप्त करने वाले ओजस दीक्षित और अदिति सिंह को उनकी सफलता के लिए सम्मानित किया गया।इसी प्रकार मेधांश श्रीवास्तव ,अभिराज मिश्रा,उज्ज्वल और ओजस दीक्षित को यूपी टूरिज़्म क्विज़ प्रतियोगिता में पुरस्कार जीतने पर सम्मानित किया गया। इनके अलावा INSPIRE AWARD के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चुनी गयी मान्या श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया। HP SMART CHAMPS के माध्यम से उपलब्धि प्राप्त करने वाले ख्याति श्रीवास्तव और आयुष्मान शुक्ला को भी सम्मान प्राप्त हुआ। सभी सम्मानित छात्रों को नकद धनराशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन डॉ. रीना पाठक द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। इस प्रकार ‘झलक’ समारोह भारत की एकता में विविधता का जीवंत प्रतीक बनकर सभी के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति छोड़ गया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).