
भगवान झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग, सिंधी समाज ने मुख्यमंत्री से की घोषणा की अपील
लखनऊ। सिंधी समाज ने भगवान झूलेलाल जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है। इंदिरा नगर स्थित झूलेलाल भवन में आयोजित चेट्टी चंद मेला कमेटी की बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित देश के कई राज्यों में भगवान झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है, लेकिन उत्तर प्रदेश में अवकाश न होने से सिंधी समुदाय में निराशा है। कमेटी ने मुख्यमंत्री से अवकाश घोषित करने की मांग करते हुए जल्द ही मुलाकात कर इस संबंध में अनुरोध करने का निर्णय लिया है।
बैठक में मेला कमेटी की कार्यकारिणी की पहली बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पुरानी टीम को यथावत रखते हुए कुछ नए सदस्यों को शामिल कर आंशिक बदलाव किए गए। प्रवक्ता अशोक मोतियानी, अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी, कोषाध्यक्ष सतेन्द्र भावनानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि 20 मार्च को भगवान झूलेलाल जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बैठक में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया गया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).