
जेवर में पीएम के स्वागत की तैयारी तेज, एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा
नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण से पहले जेवर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। क्षेत्र के गांवों—विशेषकर किशोरपुर और दयानतपुर—में हर घर में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर चर्चा और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासी इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव के रूप में मनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि जेवर विधानसभा क्षेत्र से ही एक लाख से अधिक लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए पहुंचेंगे, जो क्षेत्र की एकजुटता और विकास के प्रति विश्वास को दर्शाता है। विधायक ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए किसानों द्वारा दी गई जमीन इस परियोजना की आधारशिला है और ऐसे में प्रधानमंत्री का स्वागत करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे “सम्मान और गौरव का क्षण” बताया। पिछले कई दिनों से विधायक धीरेन्द्र सिंह क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं और जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि 28 मार्च 2026 को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम में लगभग डेढ़ से दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).