
लखनऊ में रिटायर्ड जज की प्रताड़ना से परेशान कुक ने लगा ली फांसी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी पर उनके घरेलू सहायक को परेशान किए जाने मामला दर्ज किया गया है। रसोइए महेश निषाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, महेश निषाद पिछले कुछ सालों से शहर के अलीगंज इलाके में रिटायर्ड जज अनिल श्रीवास्तव और उनकी पत्नी वंदना के घर पर रसोइए के रूप में काम करता था। वह अपने घर का इकलौता कमाने वाला बेटा था। उसके पिता दिव्यांग हैं और पूरा घर उसी की कमाई पर चलता था। लखनऊ पुलिस ने गुरुवार को बताया कि उसने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी ने हाल में निषाद पर होली के आसपास घर में चोरी करने का आरोप लगाया था। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि ‘‘लगातार उत्पीड़न’’ से आहत निषाद ने मंगलवार को अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जब उसके दो बच्चों समेत परिवार के अन्य लोग घर से बाहर थे।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
पुलिस के अनुसार, यह कदम उठाने से पहले निषाद ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था जिसमें उसने कहा था कि वह अपने परिवार से दोबारा नहीं मिलेगा क्योंकि वह आत्महत्या करने जा रहा है। वीडियो में महेश ने अपनी मां से कहा था- 'मम्मी जी, आज के बाद आपसे नहीं मिलेंगे, क्योंकि सुसाइड करने जा रहे हैं।' उसने यह भी दावा किया कि उसने चोरी नहीं की है बल्कि किसी और ने चोरी की है।
'झूठे आरोप के कारण दबाव में था महेश'
इस बीच, निषाद के परिवार ने आरोप लगाया कि झूठे आरोप के कारण वह काफी दबाव में था। निषाद के परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाया। निषाद के नाबालिग बेटे ने एक वीडियो में आरोप लगाया, ‘‘मेरे पापा को प्रताड़ित किया गया और पुलिस भी हमारी बात नहीं सुन रही है।’’ संपर्क किए जाने पर सहायक पुलिस आयुक्त (हजरतगंज) विकास कुमार जायसवाल ने बताया, ‘‘निषाद के परिवार की शिकायत के आधार पर हजरतगंज थाने में आरोपी दंपति के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।’’ जायसवाल ने कहा,‘‘पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हम सबूत जुटा रहे हैं। तथ्यों का पता लगाने के लिए वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भी भेजा गया है।’’ पुलिस ने कहा कि पति और पत्नी दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है और मामले में कानूनी कार्यवाही चल रही है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).