अंबालिका इंस्टीट्यूट पर सिक्योरिटी कंपनी का 20 लाख भुगतान न करने का लगा आरोप
- क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज के मालिक विनय सिंह के खिलाफ अंबिका मिश्रा ने दर्ज कराया मुकदमा
- अंबालिका इंस्टीट्यूट के खिलाफ क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज ने दी तहरीर
लखनऊ। मोहनलालगंज स्थित अंबालिका इंस्टीट्यूट पर क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज ने 20 लाख 27 हजार 622 रुपये का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। इंस्टीट्यूट द्वारा बिल का भुगतान न करने से यहां काम कर रहे 22 सुरक्षा कर्मियों के वेतन भुगतान पर संकट मंडराने लगा है। सिक्योरिटी कंपनी के स्थानीय थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। उधर अंबालिका इंस्टीट्यूट ने शुक्रवार को क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज के मालिक विनय सिंह पर धमकाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
मोहनलालगंज स्थित अंबालिका इंस्टीट्यूट में 1 दिसम्बर 2017 से क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज के 22 सुरक्षा गार्ड काम कर रहे हैं। सिक्योरिटी कंपनी के एजीएम आरएस यादव ने बताया कि 2017 से सम्पूर्ण बिल में से थोड़ा-थोड़ा कर लाखों रूपये का भुगतान बकाया होता गया। अंबालिका इंस्टीट्यूट प्रबंधक को कई बार सम्पूर्ण बिल और बकाये का भुगतान करने के सम्बंध में जानकारी दी गई। लेकिन प्रबंधन की ओर से सम्पूर्ण भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि अंबालिका इंस्टीट्यूट पर वर्तमान में 20 लाख 27 हजार 622 रुपये का भुगतान बकाया है। 22 सुरक्षा गार्ड आज भी यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बकाया मांगे जाने पर इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष अंबिका मिश्रा धमकी दे रहे हैं। इस मामले में क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज ने तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस सम्बंध में अंबालिका इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष अंबिका मिश्रा ने कहा कि बीते 18 जनवरी 2025 को सुरक्षा गार्ड की भारी चूक के कारण अंबालिका छात्रावास की एक छात्रा सुभद्रा देवी अनाधिकृत रूप से कहीं बाहर निकल गई थी। छात्रावास से छात्रा के गायब हो जाने का मामला काफी हाईलाइट हुआ। सुरक्षा में हुई चूक की पड़ताल की गई तो पता चला कि क्यू सिक्योरिटी सर्विसेज अपने सुरक्षा गार्डों से 36-48 घंटे ड्यूटी करा रहा है। गार्ड अपनी पोस्ट से नदारत रहते हैं। सुरक्षा चूक और लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई। अंबिका मिश्रा ने कहा कि सिक्यूरिटी कंपनी वर्ष 2017 से यहां लगातार काम कर रही है। उनके बिल का भुगतान कभी रोका नहीं गया और ना ही रोकने का इरादा है। वह जब चाहे अपना हिसाब कर लें। लेकिन सुरक्षा में हुई चूक की जिम्मेदारी भी उन्हें लेनी चाहिए। सुरक्षा गार्ड से 36-48 घंटे ड्यूटी करा कर यह कंपनी ने मानक और अनुबंध के खिलाफ कार्य कर रही है। और तो और उनके मालिक विनय सिंह से जब इसकी शिकायत की गई तो वह उल्टे धमकाने लगे। इस बाबत मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).