
लखनऊ में प्रतिबंधित मांझे पर सख्ती: चौक कोतवाली में जनसुरक्षा बैठक, पतंग प्रेमियों ने लिया शपथ और जमा किया धारदार मांझा
लखनऊ, गुरुवार। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीसीपी पश्चिम की अध्यक्षता में चौक कोतवाली, लखनऊ परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य धारदार एवं प्रतिबंधित मांझे के उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं और संभावित जनहानि की रोकथाम करना था। बैठक में सीओ चौक, सीओ बाजारखाला, लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, चौक क्षेत्र के पार्षद एवं लखनऊ व्यापार मंडल के महामंत्री अनुराग मिश्रा, पतंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक व क्लब संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय पतंग प्रेमी नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने उपस्थित पतंग उड़ाने वाले नागरिकों, पतंग विक्रेताओं और अन्य नागरिकों को सामूहिक शपथ दिलाई कि वे आज से किसी भी प्रकार के धारदार अथवा प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग नहीं करेंगे। सभी पतंग प्रेमियों ने स्वेच्छा से अपने पास उपलब्ध प्रतिबंधित मांझा पुलिस प्रशासन के समक्ष जमा कराया।
अपने संबोधन में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने कहा कि धारदार एवं प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग न केवल विधि विरुद्ध है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए अत्यंत घातक भी है। पूर्व में इसके कारण आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के साथ कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा प्रतिबंधित मांझे के क्रय-विक्रय और उपयोग पर कठोर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे मांझे का उपयोग या भंडारण पाए जाने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीसीपी ने नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से प्रतिबंधित मांझा जमा कराने की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देगी और जनसुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगी। उन्होंने सभी से कानून का पालन करने और सुरक्षित व अनुमन्य सामग्री के उपयोग की अपील की। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा, “जनसुरक्षा सर्वोपरि है। मनोरंजन तभी तक उचित है, जब तक उससे किसी अन्य व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा को खतरा न हो। हम सभी की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है कि प्रतिबंधित मांझे का पूर्ण बहिष्कार करें और प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षित विकल्प अपनाएं।” पार्षद एवं लखनऊ व्यापार मंडल के महामंत्री अनुराग मिश्र ने भी नागरिकों से व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने और साधारण धागे के उपयोग की अपील की। बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).