
भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में लखनऊ में किसानों का प्रदर्शन
लखनऊ | भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) की जनपद लखनऊ इकाई ने गुरुवार को राष्ट्रीय आवाहन के तहत जिला अधिकारी कार्यालय पर भारत–अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में विशाल धरना–प्रदर्शन किया। “हमारा खेत–हमारा अधिकार” के गगनभेदी नारों के बीच किसानों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौता देश के करोड़ों किसानों के हितों के विरुद्ध है। उनका आरोप था कि यदि सस्ती विदेशी कृषि उपज भारतीय बाजार में आती है तो स्थानीय किसान प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाएंगे और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। किसान नेताओं ने कहा कि इस समझौते से डेयरी क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा तंत्र प्रभावित हो सकता है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि बीज एवं कृषि क्षेत्र में कॉरपोरेट नियंत्रण बढ़ने से किसानों की स्वायत्तता कमज़ोर होगी और देश की कृषि आत्मनिर्भरता पर असर पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को संदेश दिया कि यदि किसान हितों के प्रतिकूल किसी भी समझौते को लागू किया गया तो आंदोलन को और व्यापक, तेज और निर्णायक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव गणेश शंकर वर्मा, जिला अध्यक्ष लखनऊ आलोक वर्मा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, जिला महासचिव आशीष यादव, महिला जिला अध्यक्ष उर्मिला मौर्य, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला प्रवक्ता अजय अनमोल, आकाश वर्मा, मोहम्मद वसीम उर्फ मुन्ना, जिला सचिव राम प्रकाश यादव, महिला महासचिव मोनिका यादव सहित विभिन्न तहसील व ब्लॉक पदाधिकारी और सैकड़ों किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).