
राधा जन्मोत्सव पर कथा में उमड़ा श्रद्धा का सागर
लखनऊ। दयालबाग में दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित श्री राधा माधव रसामृत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कथा के दौरान वेदव्यास देवी श्रीजी माहेश्वरी जी ने राधारानी के जन्मोत्सव पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘राधा अष्टमी’ भाद्रपद शुक्ल अष्टमी को मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार राधा जी का जन्म बरसाना के पास रावल गांव में राजा वृषभानु के घर कमल के फूल पर हुआ था और उन्होंने भगवान कृष्ण के दर्शन करने तक अपनी आंखें नहीं खोली थीं, जो राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण उपस्थित रहे। उन्होंने दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा पिछले 30 वर्षों से हरिद्वार में कुष्ठ पीड़ितों, अनाथों और असहाय लोगों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यदि सच्ची सेवा देखनी हो तो एक बार हरिद्वार स्थित सेवा मिशन अवश्य जाना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक आनन्द सिंह ने कहा कि धर्म-संस्कृति के साथ समाज के वंचित वर्ग की सेवा ही सच्चा सनातन मार्ग है और दिव्य प्रेम सेवा मिशन इस दायित्व को निष्ठा के साथ निभा रहा है।
कार्यक्रम में मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी, आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश सिंह दयाल, संयोजक अमरजीत मिश्रा, सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह सहित महानगर के अनेक गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार 5 से 7 मार्च तक कथा का आयोजन होगा, जबकि 8 मार्च को प्रसिद्ध कलाकार नीतीश भारद्वाज द्वारा महानाट्य ‘चक्रव्यूह’ का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने नगरवासियों से कथा और नाट्य प्रस्तुति में शामिल होने की अपील की है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).