
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के सैकड़ो कंज्यूमरों ने लौलई उपकेंद्र पर फिर दिया धरना
- बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने आश्वासन पर समाप्त किया धरना
- विधायक ने कहा मैं कंज्यूमर के साथ हूँ
- वर्टिकल व्यवस्था उपभोगता के हित में नहीं : योगेश शुक्ला
संतोष कुमार सिंह
लखनऊ। चिनहट लौलई विद्युत उपकेंद्र पर प्रीपेड मीटर बदहाली को लेकर दर्जनों उपभोक्ताओं ने सोमवार को भी धरना दिया। धरने की सूचना पर बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला मौके पर पहुंचे। कांशीराम आवासीय कॉलोनी के कंज्यूमर ने बताया कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं और प्रीपेड सिस्टम के कारण बार-बार बिजली कट रही है। यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
बीकेटी विधायक ने लेसा के उच्च अधिकारियों से मामले का जल्द से जल्द निस्तारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि मैं इन उपभोगताओं के साथ हूँ। इनके मामले में बिजली विभाग ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो मैं भी इस धरने का हिस्सा बनूँगा। उन्होंने वर्टिकल व्यवस्था की कड़ी आलोचना की और कहा कि मैं क्षेत्र का जनप्रतिनिधि हूँ और मुझे कई बार अलग अलग ज़िम्मेदार अधिकारियों से बात करने में असहजता होती है। अब तक हम एसई और मुख्य अभियंता से बात कर लेते थे। अब इसमें भी कई बदलाव हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नए वर्टिकल व्यवस्था में जिम्मेदार अधिकारियों ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों की भी छटनी कर दी है। जबकि गर्मी के मौसम में यह नहीं होना चाहिए था। लौलाई विद्युत सब स्टेशन पर बैठ कर विधायक ने लेसा के उच्च अधिकारियों से बात की। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि शनिवार से कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लोग स्मार्ट मीटर में आ रहीं समस्याओं को लेकर धरने पर बैठे हैं और एसडीओ स्तर के अधिकारियों को मौके पर भेज दिया जा रहा है। जबकि उच्च अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचकर कंज्यूमर की समस्या सुननी चाहिए। विधायक के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).