
इटावा लायन सफारी वन्यजीव संरक्षण केंद्र के रूप में की जाएगी विकसित: अनुराधा वेमुरी
लखनऊ। अनुराधा वेमुरी की उपस्थिति एवं सक्रिय भूमिका के बीच इटावा सफारी पार्क समिति की गवर्निंग बॉडी की 19वीं बैठक प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में इटावा सफारी पार्क के विस्तार, वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। इस अवसर पर सफारी पार्क की विशेष कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।
बैठक में प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा वेमुरी ने इटावा सफारी पार्क को प्रदेश के प्रमुख इको-टूरिज्म और वन्यजीव संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफारी में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन की दिशा में तेजी से कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को भी प्राथमिकता बताया।
गवर्निंग बॉडी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण एजेंडों का अनुमोदन किया गया। इनमें लेपर्ड सफारी की क्षमता बढ़ाने के लिए एक अतिरिक्त लेपर्ड हाउस का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा पर्यटकों की सुविधा के लिए 09 सीटर दो वातानुकूलित बसों की खरीद को भी स्वीकृति दी गई, जिससे सफारी भ्रमण को अधिक आरामदायक बनाया जा सके।
लेपर्ड सफारी में अनुश्रवण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक वाहन खरीदने तथा सिंचाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों हेतु एक ट्रैक्टर खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। वहीं वन्यजीव प्रबंधन को और अधिक वैज्ञानिक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ब्रीडिंग सेंटर को लायन सफारी से जोड़ने के लिए चैनलिंक टनल निर्माण को स्वीकृति मिली।
बैठक में सफारी के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि एक्सप्रेस-वे और अन्य प्रमुख मार्गों पर आकर्षक साइनेज लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इटावा सफारी पार्क की ओर आकर्षित हो सकें।
अनुराधा वेमुरी ने कहा कि इटावा सफारी पार्क प्रदेश की वन्यजीव संरक्षण नीति का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है और भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श सफारी पार्क के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).