
UP: अब मूंग और मूंगफली की होगी MSP पर खरीद
लखनऊ। प्रदेश में मूंग और मूंगफली की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी। केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद को मंजूरी दे दी। बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हुई बैठक में यह जानकारी साझा की गई।
बैठक में बताया गया कि जायद 2024-25 में उत्तर प्रदेश में मूंग का आच्छादन 1.60 लाख हेक्टेयर और मूंगफली का आच्छादन 1.74 लाख हेक्टेयर रहा है। प्रदेश के कृषि मंत्री ने प्रदेश के किसानों के जरिये उत्पादित जायद की मूंगफली और मूंग को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का आग्रह किया, जिसे केंद्रीय कृषि मंत्री ने स्वीकार कर लिया। शासन के अधिकारियों ने बताया कि जायद 2024-25 के लिए मूंग के क्रय का लक्ष्य 34,720 मीट्रिक टन और मूंगफली के क्रय का लक्ष्य 50,750 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।
केंद्र सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित होंगे। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने आवश्यकता पड़ने पर मूंगफली और मूंग के क्रय के लक्ष्य में वृद्धि का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उड़द के क्रय के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त होने पर उसका अनुमोदन देने का आश्वासन दिया गया है। इसी के साथ ही, प्रदेश के कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से जायद में लगभग 4.80 लाख हेक्टेयर में व्यापक पैमाने पर हो रही मक्का की खेती के उत्पादन को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का अनुरोध किया है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).