
यूपी में 5 दिनों तक आसमान से आग बरसने की संभावना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब धीरे-धीरे पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो रहा है जिसके कारण पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में चल रही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार की हवाओं पर ब्रेक लगा है। बादलों की आवाजाही और कुछ इलाकों में हुई बारिश पर भी अब विराम लग गया है मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने और अधिकतम-न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है मौसम विज्ञान विभाग ने 5 दिनों तक कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
लखनऊ का कैसा रहेगा मौसम? बता दें कि राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा, तेज धूप खिली। शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को भी लखनऊ में आसमान साफ रहेंगे और तेज धूप खिलेगी अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हमीरपुर सबसे गर्म जिलाः रविवार को प्रदेश का हमीरपुर जिला सबसे गर्म जिला रहा। जहां पर अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है वही सबसे कम न्यूनतम तापमान अयोध्या, हरदोई व मेरठ जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है जिसके कारण उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज हवाएं बारिश तथा मेघ गर्जन में अब विराम लगेगा। आने वाले 5 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा अधिकतम तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में भी 48 घंटे बाद वृद्धि होना शुरू हो जाएगी।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).