
राष्ट्रवादी विचारधारा के पोशक थे, अशोक सिंघल-केशव प्रसाद मौर्य
दया शंकर चौधरी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार अपने कैम्प कार्यालय 7-कालिदास मार्ग पर स्व०अशोक सिंघल जी की पुण्य तिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवता की प्रतिमूर्ति स्व०अशोक सिंघल राष्ट्रवादी विचारधारा के पोशक थे। उन्होंने अपने अथक परिश्रम व प्रेरक विचारों से सामाजिक समरसता के भाव पैदा किये। उन्होंने देश, समाज, सभ्यता, संस्कृति व संस्कारो के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। वह अपनी संस्कृति व सभ्यता की रक्षा के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। श्री मौर्य ने कहा कि वे सादगी व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अद्वितीय प्रतिमूर्ति थे, जिन्होंने जीवन के सभी सुखों को त्यागकर अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया। कहा उनका जीवन दर्शन अनुकरणीय है, और सदा अनुकरणीय रहेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले, श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन के महानायक व विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष परमपूज्य श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कहा कि उनकी तपस्या, नेतृत्व और अदम्य साहस ने श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन के संघर्ष को राष्ट्रचेतना का एक विराट स्वर दिया। उनके प्रयासों ने करोड़ों भारतवासियों के हृदय में सांस्कृतिक आत्मगौरव का एक नया प्रकाश फैलाया। परम पूज्य अशोक सिंघल जी जीवनभर धर्म, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित रहे।
उनका प्रेरक व्यक्तित्व आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। कहा कि मातृभूमि की सेवा और धर्म रक्षा के लिए श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के अद्वितीय योगदान को राष्ट्र युगों-युगों तक कृतज्ञ भाव से स्मरण करता रहेगा।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).