
उत्कर्ष-2026: दूसरे दिन तकनीक से संस्कृति तक प्रतिभा का संगम
लखनऊ। बाबू बनारसी दास एजूकेशनल ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव “उत्कर्ष-2026” के दूसरे दिन छात्रों ने तकनीकी, सांस्कृतिक, खेल, साहित्य, होटल मैनेजमेंट और ललित कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तकनीकी स्पर्धाओं में आईकेएस (इंडियन नॉलेज सिस्टम), ट्रेडिशनल टू टेक ऐप डेवलपमेंट, रोबो मैराथन, रोबोकॉन, लाइन फॉलोअर, पिक एंड प्लेस और लाइट फॉलोअर जैसे आकर्षक आयोजन हुए। रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अंधेरे में रास्ता खोजने और वस्तुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने जैसी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में “साइलेंट इकोज” माइम के माध्यम से रामायण और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी गई। “ड्रामा जंक्शन” के तहत “विरासत से विकास तक” थीम पर आधारित नाटक मंचित किया गया। स्ट्रीट डांस, राग रतन, फैशन शो और मिस्टर एवं मिस उत्कर्ष-2026 के टैलेंट राउंड ने दर्शकों का मन मोह लिया।
साहित्यिक प्रतियोगिताओं में काव्य संध्या, तरन्नुम-ए-गजल, उर्दू मुशायरा और विचार गोष्ठी में प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति से प्रभाव छोड़ा। खेल प्रतियोगिताओं में पावर लिफ्टिंग, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, शतरंज और कबड्डी सहित कई खेलों में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी सिंह एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभिषेक कुमार ने पुरस्कृत किया।
होटल मैनेजमेंट के छात्रों ने मॉकटेल, स्नैक्स और पारंपरिक व्यंजनों की प्रतियोगिताओं में कौशल दिखाया। वहीं एनएसएस और आर्किटेक्चर विभाग के छात्रों ने “विरासत से विकास” थीम पर मॉडल और फाइन आर्ट्स प्रदर्शनी के माध्यम से पारंपरिक से आधुनिक निर्माण शैली का सृजनात्मक प्रदर्शन किया।
उत्सव का समापन 28 फरवरी को होगा। समापन समारोह में ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मुख्य संयोजक डॉ. एस.एम.के. रिजवी ने बताया कि उत्कर्ष-2026 छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).