देवेंद्र फडणवीस पर मनोज जरांगे ने लगाया बड़ा आरोप
मुंबई। मराठा आरक्षण एक्टिविस्ट मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर बड़ा आरोप लगाया। जरांगे ने कहा कि फडणवीस मुझे मारने का प्रयास कर रहे हैं, साथ ही कहा कि वह मुंबई स्थित फडणवीस के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। जालना के अंतरवाली सरती में भाषण देते समय जारांगे ने फडणवीस के खिलाफ कई इल्जाम लगाए। हालांकि जारांगे के बयानों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने केवल इतना कहा कि मैंने नहीं सुना कि उन्होंने क्या कहा।
प्राप्त रिपोर्ट्स के अनुसार, जरांगे ने कहा कि कुछ लोगों को मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए लालच दिया जा रहा है तथा दबाव डाला जा रहा है। इन षड्यंत्रों के पीछे उपमुख्यमंत्री फडणवीस हैं। वह मुझे मारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं सागर बंगले (फडणवीस का मुंबई के मालाबार हिल स्थित आधिकारिक आवास) तक मार्च करने के लिए तैयार हूं। जरांगे ने कहा कि वह अकेले ही मुंबई तक मार्च करेंगे तथा उन्हें समर्थन के लिए बस एक छड़ी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को महाराष्ट्र विधानमंडल में मराठा कोटा विधेयक पारित होने के पश्चात् उनके खिलाफ आरोप लगाए गए थे। जरांगे ने पूछा कि कैसे इन लोगों को अब मेरी गलतियों का एहसास हुआ तथा वे उनके बारे में बोलने लगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि फडणवीस को यह कतई पसंद नहीं है कि कोई उनसे अधिक लोकप्रिय हो। उन्हीं के कारण मराठा कार्यकर्ताओं के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद भी उनके खिलाफ पुलिस शिकायतें दर्ज की गईं। कोर्ट ने हमें शांतिपूर्वक विरोध करने की इजाजत दी है, फिर पुलिस शिकायतें क्यों दर्ज की गईं। मनोज जरांगे ने इल्जाम लगाया कि मैं मराठों को ओसीबी वर्ग में सम्मिलित करने एवं कुनबी प्रमाणपत्र जारी करने की अपनी मांग से पीछे नहीं हट रहा हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुझे सेलाइन के जरिए जहर देकर समाप्त करने की योजना थी। यह सरकार राजनीतिक चालों के जरिए प्रमुख समुदायों को नीचा दिखाने का प्रयास कर रही है।
मनोज जरांगे के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा एमएलए नितेश राणे ने जारांगे को चेतावनी दी कि उन्हें फडणवीस तक पहुंचने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की विशाल दीवार को पार करना होगा, उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण के कार्यकर्ता अब एक स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं। राणे ने कहा कि उन्हें राजनीति में आना चाहिए, मगर उन्हें फडणवीस के खिलाफ इस प्रकार के इल्जाम लगाने के लिए नीचे नहीं गिरना चाहिए। वहीं, मुंबई से भाजपा एमएलए अतुल भातखलकर ने कहा कि जरांगे का असली चेहरा अब सबके सामने है। महाराष्ट्र सरकार ने मराठा समुदाय को 10 फीसदी आरक्षण दिया है। मगर सवाल ये है कि जरांगे का प्रदर्शन अब भी क्यों जारी है। फडणवीस 5 वर्षों तक मुख्यमंत्री थे तथा हर कोई उन्हें जानता है। उनकी छवि खराब हो रही है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).