आज से शुरू होंगी 5 जिलों के लिए विमान सेवाएं
लखनऊ। राजधानी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से मुरादाबाद, चित्रकूट, श्रावस्ती, अलीगढ़ और आजमगढ़ के लिए विमान सेवाएं आज शनिवार से शुरू होंगी। फ्लाई बिग एयरलाइंस ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। एयरलाइंस की ओर से डी-हैविलैंड डीएससी 6-400 एयरक्राफ्ट का प्रयोग किया जाएगा, यह 19 सीटर होगा।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (उड़ान) को विस्तार देने के लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से उक्त पांच शहरों के लिए उड़ान शनिवार से शुरू होगी। लखनऊ से श्रावस्ती, चित्रकूट, अलीगढ़, आजमगढ़ और मुरादाबाद का सफर आधे से डेढ़ घंटे में पूरा हो जाएगा। सूत्रों की मानें तो दो से ढाई हजार के बीच किराया हो सकता है।
वहीं, 31 मार्च से लखनऊ से भोपाल के लिए फ्लाइट सेवा दोबारा बहाल की जाएगी। विमान सेवाएं सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मिलेंगी। इंडिगो एयर लाइंस की उड़ान संख्या 6 ई-7073 भोपाल से शाम 5.25 पर रवाना होगी और 6.50 पर अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचेगी। इसका किराया 4859 रुपये रखा गया है। लौटने में उड़ान संख्या 6ई-7076 लखनऊ से शाम 7.15 बजे उड़ान भरेगी और रात 8.45 बजे भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। भोपाल के लिए किराया 5636 रुपये रखा गया है।
ये हैं पांच जिलों के लिए शेड्यूल
लखनऊ से श्रावस्ती: विमान एस 9-337 दोपहर 3.15 बजे उड़ान भरकर शाम 4 बजे श्रावस्ती पहुंचेगी और एस 9-340 शाम 4.20 पर उड़ान भरकर लखनऊ शाम 5.10 पर पहुंचेगी।
लखनऊ से चित्रकूट: विमान एस9-333 सुबह 11.40 पर उड़ान भरेगी और दोपहर 12.35 पर चित्रकूट पहुंचेगी। चित्रकूट से एस 9-334 दोपहर 12.25 पर उड़ान भरकर दोपहर 2.05 पर लखनऊ पहुंचेगी।
लखनऊ से अलीगढ़: विमान एस 9-315 लखनऊ से 12.10 पर उड़ान भरेगी और 1.10 पर अलीगढ़ पहुंचेगी। जबकि एस 9-316 दोपहर 1.30 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2.40 पर अमौसी पहुंचेगी।
लखनऊ से आजमगढ़: विमान एस 9-331 लखनऊ से सुबह 8.55 पर उड़ान भरेगा और सुबह 9.50 पर आजमगढ़ पहुंचेगा। एस 9-332 सुबह 10.10 पर उड़ान भरेगा और 11.10 पर लखनऊ पहुंचेगा।
लखनऊ से मुरादाबाद: विमान एस 9-327 लखनऊ से सुबह 8.45 पर उड़ान भरेगा और सुबह 10.05 पर मुरादाबाद पहुंचेगा। एस 9-330 सुबह 10.25 पर उड़ान भरेगा और 11.30 पर लखनऊ पहुंचेगा।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).