
डाकघर, भटपार रानी तथा उप डाकघर रामपुर कारखाना में मोवाइल पासपोर्ट वैन शिविर का शुभारंभ
लखनऊ।आम नागरिकों को उनके निकटतम क्षेत्र में सहज एवं त्वरित पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा मोबाइल पासपोर्ट वैन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में पासपोर्ट आवेदन करने की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में जनपद देवरिया के उप डाकघर, भटपार रानी तथा उप डाकघर, रामपुर कारखाना में पासपोर्ट वैन शिविर आयोजित किए जाएंगे। उप डाकघर, भटपार रानी में यह शिविर दिनांक 11, 12 एवं 13 मई 2026 को आयोजित होगा, जबकि उप डाकघर, रामपुर कारखाना में दिनांक 14, 15 एवं 16 मई 2026 को पासपोर्ट वैन शिविर लगाया जाएगा।
इस पासपोर्ट शिविर में प्रतिदिन 50 सामान्य अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक आवेदक www.passportindia.gov.in पोर्टल पर जाकर केंद्र के रूप में VAN-1 का चयन कर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। निर्धारित तिथि पर आवेदक अपने आवेदन उप डाकघर, भटपार रानी तथा उप डाकघर रामपुर कारखाना में स्थित VAN-1 केंद्र पर जमा कर सकेंगे।
गौरतलब है कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत महोबा जनपद से की गई थी। इसके पश्चात यह सुविधा उप डाकघर, चित्रकूट; मुख्य डाकघर, बस्ती; मुख्य डाकघर, चंदौली तथा डाकघर, सोरांव तथा उप डाकघर फूलपुर जैसे विभिन्न स्थानों पर सफलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा चुकी है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ नागरिकों को सहज, सुगम एवं समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने के अपने संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).