
पूरे उत्तर भारत में हीटवेव का कहर
लखनऊ। पूरे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है और हीटवेव से फिलहाल राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। राजधानी दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी तक गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। एक तरफ जहां उत्तर भारत गर्मी की मार झेल रहा है, वहीं नॉर्थ ईस्ट और दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तर भारत में गर्मी प्रचंड रूप धारण कर चुकी है और तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
दिल्ली में तापमान 45 डिग्री पार
दिल्ली में सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में 44.3 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में 43.3 डिग्री सेल्सियस, रिज में 44.9 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में लू जैसी स्थिति की चेतावनी दी थी जिसका मतलब है कि आज भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू सकता है। एएनआई ने सोमवार को आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव के हवाले से बताया, अगर उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो अगले चार दिनों तक मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज और कल तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है, जिससे अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति पैदा हो सकती है।
इन राज्यों में भी गर्मी से हाहाकार
पंजाब और हरियाणा में भी सोमवार को तापमान में उछाल आया। हरियाणा के सिरसा में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अब तक का सबसे ज़्यादा तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस और हिसार में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के लुधियाना जिले का समराला शहर सोमवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 46.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 43.8 डिग्री, जबकि पटियाला में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को राजस्थान में भी गर्मी प्रचंड रूप धारण किए रही। राज्य के श्रीगंगानगर शहर में तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने भविष्यवाणी की है कि आने वाले दिनों में राज्य में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है
पूरे भारत में मौसम का पूर्वानुमान
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारतीय राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है। बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार की रात भी गर्मी से राहत नहीं मिलने के आसार नहीं हैं क्योंकि रात में मौसम गर्म रहने की संभावना है।
उत्तर भारत को छोड़कर कई राज्यों में मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में असम, मेघालय, तटीय और आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक केरल और माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल शामिल हैं।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).