
लखनऊ विकास भवन में ‘प्रेरणा कैंटीन’ का भव्य उद्घाटन,
यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है: अजय जैन
महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया मंच
लखनऊ l राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ द्वारा संचालित लखनऊ के विकास भवन परिसर में आज आधुनिक एवं सौर ऊर्जा संचालित ‘प्रेरणा कैंटीन’ का भव्य उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री अजय जैन, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस से चैनल मैनेजर सुधांशु राय एवं सी.एस.एम. वज्रिका नाथ तथा अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैंटीन का शुभारंभ किया। इस ‘प्रेरणा कैंटीन’ का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण अनुरागिनी संस्था द्वारा पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर) पहल ‘शी-सर्व्स परियोजना के अंतर्गत किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से कैंटीन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ सौर ऊर्जा से भी जोड़ा गया है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और सतत विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। यह उत्तर प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक ‘प्रेरणा कैंटीन’ के रूप में स्थापित हुई है। मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन ने अपने संबोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाती हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सराहनीय कदम बनाता है। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के चैनल मैनेजर सुधांशु राय एवं सी.एस.एम. वज्रिका नाथ ने कहा कि शी-सर्व्स परियोजना का उद्देश्य महिलाओं के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैंटीन मॉडल सिद्ध होगी। अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि यह केवल एक कैंटीन का नवीनीकरण नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि अनुरागिनी संस्था पिछले लगभग 30 वर्षों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने आगे कहा कि ‘प्रेरणा कैंटीन’ को आधुनिक सुविधाओं के साथ सौर ऊर्जा से जोड़ना संस्था की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है, जिसमें आजीविका सृजन के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया गया है। “हमारा उद्देश्य केवल रोजगार प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को इतना सशक्त बनाना है कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने निर्णय स्वयं ले सकें और समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभा सकें,उन्होंने कहा। डॉ. जादौन ने यह भी बताया कि इस कैंटीन का संचालन ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित आय का स्थायी स्रोत मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एस.आर के माध्यम से इस प्रकार की साझेदारी सामाजिक परिवर्तन का एक प्रभावी माध्यम बनती है। जब कॉर्पोरेट और सामाजिक संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है इस अवसर पर ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की सचिव श्रीमती रेखा सोनी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक सपना था, जो आज अनुरागिनी संस्था और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के सहयोग से साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस कैंटीन से उन्हें न केवल नई पहचान मिली है, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि होगी। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार नवीनीकृत कैंटीन को देखा, तो वह उसे पहचान ही नहीं पाईं कि यह वही पुरानी कैंटीन है। उनके अनुसार, समूह की सभी महिलाएं इस बदलाव से बेहद खुश और उत्साहित हैं। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी चिनहट, पूजा शुक्ला, खण्ड विकास अधिकारी काकोरी, भानु सिंह एवं खण्ड विकास अधिकारी मोहनलालगंज, आशुतोष श्रीवास्तव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। l अनुरागिनी संस्था के अरविंद ,मिश्रा, उपेंद्र सिंह राजावत, हेमा सिंह बिष्ट, श्याम करण प्रजापति, उत्कर्ष सिंह, राज प्रताप सिंह, प्रिंस यादव एवं ऋषि नामदेव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संचालन भरत सिंह बिष्ट ने किया I





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).