
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वितरित किया 51000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र
दया शंकर चौधरी
* सरकारी नौकरियों हेतु देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया 15वां रोजगार मेला
* लखनऊ में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय विदेश, वन एवं पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लिया भाग
* जन-धन, आधार और मोबाइल (JAM) की ताकत से देश में भ्रष्टाचार खत्म होने के साथ सरकारी कार्यों में पारदर्शिता आयी: केन्द्रीय राज्य मंत्री
लखनऊ। देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित 15 वें रोजगार मेले को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर सरकारी नौकरियों के लिए नव चयनित 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। इस क्रम में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश, वन एवं पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने भाग लिया तथा 250 नव चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने का एक राष्ट्रीय संकल्प है। केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि भारत, जो विश्व का सबसे युवा देश है, अपनी युवा शक्ति के बल पर तेजी से प्रगति कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जन-धन, आधार और मोबाइल (JAM) भारत देश की ताकत है जिसका प्रशंसा आज विदेशों में भी हो रही है। उन्होंने कहा कि जैम त्रिवेणी के माध्यम से सरकारी योजनाओं और तकनीक का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है, जिससे जहां एक ओर भ्रष्टाचार में कमी आई है वहीं दूसरी और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ी भी है।
सिंह ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा, आज आप सभी 'टीम मोदी' का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को केंद्र में रखकर सेवा-भाव से कार्य करना हम सबका दायित्व है। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने भारत के युवाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व उपलब्धियां दर्ज की हैं। तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं ने विश्व स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि विश्व में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत द्वारा लायी गई क्रांति की चर्चा हर मंच पर होती है।
वित्तीय क्षेत्र में सुधारों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर व्यवस्था- प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर में सुधार हेतु उठाए गए कदम देश की विकास यात्रा की रीढ़ की हड्डी हैं। सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प है कि देश के अंतिम व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ा जाए। कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रालयों व विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। नियुक्ति पाने वाले युवा केंद्र सरकार के राजस्व विभाग, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रेल मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा समेत विभिन्न मंत्रालयों में कार्यभार संभालेंगे।
रोजगार मेला, सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके अंतर्गत रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस अभियान से जहां एक ओर देश की सेवा करने का अवसर मिलता है वही दूसरी ओर वे राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़कर देश विकास यात्रा में योगदान देने में भी सक्षम होते हैं।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).