"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन
दया शंकर चौधरी
लखनऊ। सूचना प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ द्वारा प्रधानमंत्री नेरंद्र मोदी के आह्वान पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत कल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत की दिशा में योगदान करना है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सूचना प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ के निदेशक मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पेड़ लगाने और उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी को समझाना है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने घरों और आस-पास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए।
इसी क्रम में, पीआईबी लखनऊ के संयुक्त निदेशक दिलीप शुक्ल ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया और एक पेड़ लगाया। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी को निभाने का भी माध्यम है। शुक्ल ने कहा कि वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सकता है बल्कि इससे प्रदूषण नियंत्रण, जलवायु परिवर्तन की रोकथाम और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलता है।
लखनऊ के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी एक पेड़ मां के नाम अभियान का नियमित रूप से आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर, केन्द्रीय संचार ब्यूरो वाराणसी के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी लाल जी ने अपने घर की बागवानी में एक पेड़ लगाकर इस अभियान में योगदान दिया। लाल जी ने कहा कि पेड़ हमारे पर्यावरण के लिए अमूल्य हैं और हमें उनकी देखभाल करनी चाहिए। वृक्षारोपण एक ऐसा कार्य है जो न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है बल्कि इससे भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने घरों और कार्यालय परिसरों में वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। सभी ने मिलकर एकजुटता से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने का वादा किया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों को वृक्षारोपण के बाद पेड़ों की देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित रखने की दिशा में जागरूक किया गया।
वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि यह धरती के तापमान को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़ों से हमें फल, लकड़ी, औषधियाँ और कई अन्य आवश्यक चीजें प्राप्त होती हैं। साथ ही, यह मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और जल संरक्षण में भी मददगार होते हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।
यह अभियान, विशेष रूप से माताओं को समर्पित है। मां, जो परिवार का आधार होती है, उसे समर्पित यह अभियान हमारे समाज और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। इस पहल का उद्देश्य एक पेड़ लगाकर मां के प्रति सम्मान व्यक्त करना और समाज को यह संदेश देना है कि जैसे एक मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, वैसे ही हमें पेड़ों की देखभाल करनी चाहिए।
"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अभियान लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने और हरित भविष्य की ओर प्रेरित करने का प्रयास है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).