भारत के ऋषियों संतो द्वारा मानव समाज के लिए दिया गया अनमोल उपहार है योग: मुख्य सचिव
- 51 योग साधक, साधिकाओं को मिला महर्षि पतंजलि सम्मान
- भारतीय आदर्श योग संस्थान ने अपना द्वितीय स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया
- वात, कफ एवं पित्त को सही रखने से छूमंतर हो जाएगी बीमारियां
लखनऊ (विजुअल लाइव संवाददाता)। भारतीय आदर्श योग संस्थान का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। गोमतीनगर स्थित संगीत नाटक अकादमी में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा थे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा योग हमारे जीवन में संतुलन लाता है, योग भारत के ऋषियों संतो द्वारा मानव समाज के लिए दिया गया अनमोल उपहार है। उन्होंने कहा योग यूएनओ का पहला ऐसा प्रस्ताव था जिसके विश्व के सभी देश प्रस्तावक बने। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा द्वारा योग साधको को महर्षि पतंजलि सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भजन सम्राट किशोर चतुर्वेदी एवं स्वाति रिजवी एवं मगन मिश्रा के भजनों का भी योगाभ्यासिओं ने आनंद लिया। भारतीय आदर्श योग संस्थान के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा उत्तम स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि व्यक्ति स्वस्थ है तभी कमाए हुए धन एवं प्राप्त पद की शक्ति का आनंद ले सकता है। योग के माध्यम से शरीर एवं मन को स्वस्थ रखा जा सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष योगाचार्य कृष्ण दत्त मिश्रा ने कहा वात, कफ एवं पित्त को सही रखने से बीमारियां छूमंतर हो जाएंगी। उन्होंने कहा नियमित योग के माध्यम से असाध्य रोगों से ग्रस्त रोगियों को भी रोग मुक्त किया जा सकता है। सचिव राजकुमार राज ने कहा बाल्यकाल से संस्कार के रूप में बच्चों में अनिवार्य योग की शिक्षा दी जाए तो 20 साल बाद का भारत निश्चित रूप से सम्पूर्ण स्वस्थ भारत होगा। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र विश्वकर्मा हरिहर ने किया। कार्यक्रम को कर्नल अभय सिंह ने भी सम्बोधित किया। स्वागत गीत और गणेश वंदना की प्रस्तुति पर सभी ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। बालिका गायत्री द्विवेदी ने शिव तांडव की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर डॉक्टर अंजु भारती, शोभा श्रीवास्तव, शारदा श्रीवास्तव, ललिता पांडे, मधु पांडे, कल्पना भदरा, रुचि सक्सेना, कुमारी सिमरन सिंह उपस्थित थे।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).