उर्दू अकादमी का नाटक फिर विवादों में, सीएम पोर्टल पर पहुंची शिकायत

24 नवंबर को संगीत नाटक अकादमी में होना है नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याइ नई’ का मंचन
छात्रों ने लगाया मनमानी और बजट के बंदरबांट का आरोप, सचिव ने पत्र भेजकर दी सफाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की ओर से आगामी 24 नवंबर को मंचित होने जा रहा नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याइ नई’ एक बार फिर विवादों में घिर गया है। नाटक के मंचन से चार प्रशिक्षु छात्रों को बाहर किए जाने का मामला अब शासन और प्रशासन तक पहुंच गया है। पीड़ित छात्रों ने प्रमुख सचिव (भाषा), जिलाधिकारी लखनऊ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। छात्रों ने अकादमी प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नाटक के मंचन में उन्हें भी अवसर दिए जाने की मांग की है।
छात्रों का आरोप है कि उर्दू अकादमी ने नए कलाकारों को मंच देने और उनकी प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से तीन माह का नाट्य प्रशिक्षण प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू किया था। इसके लिए बाकायदा आवेदन प्रक्रिया के तहत 32 छात्रों ने शुल्क जमा कर दाखिला लिया था। 13 जुलाई 2026 से नाटक की रिहर्सल शुरू हुई, जिसमें छात्र नियमित रूप से हिस्सा ले रहे थे। उनका कहना है कि वे 9 अक्टूबर तक रिहर्सल का हिस्सा रहे, लेकिन इसके बाद अचानक उन्हें अंतिम मंचन से बाहर कर दिया गया। छात्रों का कहना है कि प्रशिक्षण के लिए शुल्क जमा करने और तीन माह तक अभ्यास करने के बाद वे नाटक के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने की उम्मीद कर रहे थे।

नाटक का निर्देशन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से प्रशिक्षित राजेंद्र सिंह कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें अकादमी की ओर से यह आश्वासन दिया जा रहा है कि प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी को प्रमाणपत्र दिया जाएगा, लेकिन उनकी मांग केवल प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं है। वे उस नाटक के मंचन में भी हिस्सा लेना चाहते हैं, जिसके लिए उन्होंने तीन माह तक प्रशिक्षण और रिहर्सल की है।
मीडिया कोऑर्डिनेटर सीमा मोदी की भूमिका को लेकर शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत तब हुई, जब छात्रों को जानकारी मिली कि उर्दू अकादमी की मीडिया कोऑर्डिनेटर सीमा मोदी भी नाटक में एक भूमिका निभा रही हैं। इस पर कुछ प्रशिक्षु छात्रों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि तीन माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम नए कलाकारों को अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, इसलिए इसमें मुख्य रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को ही मंच पर मौका मिलना चाहिए। विवाद बढ़ने के बाद सीमा मोदी ने स्वयं को नाटक के मंचन से अलग कर लिया। हालांकि, इसके बाद भी चारों छात्रों को अंतिम प्रस्तुति में शामिल नहीं किया गया।
आठ साल से बढ़ाए बाल, किरदार के लिए कटवाए; फिर भी नहीं मिला मंच
इस पूरे विवाद में झारखंड निवासी छात्र श्यामदेव महतो का मामला भी सामने आया है। श्यामदेव को नाटक में नासीर की भूमिका निभानी थी। उन्होंने विजुअल लाइव को बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से अपने बाल बढ़ा रहे थे। निर्देशक के कहने पर किरदार को जीवंत रूप देने के लिए उन्होंने अपने बाल भी कटवा लिए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नाटक के अंतिम मंचन से बाहर कर दिया गया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान पूरी मेहनत और समर्पण के साथ रिहर्सल की, लेकिन अंतिम समय में उन्हें प्रस्तुति से अलग कर दिया गया।
चार छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी
नाटक से बाहर किए गए छात्रों बृजेश कुमार, श्यामदेव महतो, नीलम और शैलजा ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए प्रमुख सचिव (भाषा), जिलाधिकारी लखनऊ और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। छात्रों ने अकादमी के सचिव शौकत अली को भी शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले पर जवाब मांगा है। उनका कहना है कि यदि 24 नवंबर को होने वाले मंचन में उन्हें अभिनय का अवसर नहीं दिया गया तो वे मंचन स्थल के बाहर धरना देकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बजट में बंदरबांट का भी आरोप
छात्रों ने नाट्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवंटित सरकारी बजट के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि तीन माह तक चले प्रशिक्षण और रिहर्सल के दौरान छात्रों को भोजन और कॉस्ट्यूम जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गईं। इसके बावजूद कार्यक्रम के लिए बजट आवंटित किया गया था। छात्रों ने पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम पर खर्च की गई धनराशि का ब्योरा सार्वजनिक करने और आवंटित बजट के उपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सचिव ने पत्र भेजकर दी सफाई, निर्देशक के अधिकार का दिया हवाला
विवाद के बीच उर्दू अकादमी के सचिव शौकत अली ने चारों छात्रों की शिकायत का लिखित जवाब दिया है। 13 नवंबर 2026 को जारी पत्र में सचिव ने कहा है कि छात्रों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर तीन बार अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांचवें बैच के नाट्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के तहत 13 जुलाई से 9 अक्टूबर 2026 तक सभी चयनित प्रशिक्षुओं के लिए समान रूप से कक्षाओं का संचालन किया गया।
सचिव के अनुसार, अंतिम नाट्य प्रस्तुति ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याइ नई’ में किस कलाकार को कौन-सी भूमिका दी जानी है, यह पूरी तरह नाट्य निर्देशक का रचनात्मक विशेषाधिकार है। इसमें पात्रों की आवश्यकता, रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षुओं का अनुशासन और उनका प्रदर्शन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। एक ही बैच के सभी प्रशिक्षुओं को मुख्य मंचन में भूमिका देना व्यावहारिक और कलात्मक रूप से अनिवार्य नहीं है। सचिव ने यह भी कहा है कि प्रशिक्षण अवधि पूरी होने के मद्देनजर नियमानुसार सभी संबंधित छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
फिलहाल, 24 नवंबर को होने वाले नाटक के मंचन से पहले यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ छात्र अपने साथ अन्याय और सरकारी बजट के इस्तेमाल में अनियमितता के आरोप लगा रहे हैं, वहीं अकादमी प्रशासन ने अंतिम प्रस्तुति में कलाकारों के चयन को निर्देशक का रचनात्मक अधिकार बताया है। अब देखना होगा कि मंचन से पहले अकादमी प्रशासन छात्रों की मांगों पर क्या रुख अपनाता है और इस विवाद का समाधान किस तरह निकलता है।
लेखक के बारे में
Santosh Kumar Singh
श्री सिंह ‘विजुअल लाइव’ मासिक पत्रिका एवं न्यूज पोर्टल के संपादक के रूप में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2004 से उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी सेवाएं देते हुए पत्रकारिता का लंबा अनुभव अर्जित किया है। लखनऊ से प्रकाशित हिन्दी दैनिक राष्ट्रीय सहारा, डेली न्यूज एक्टिविस्ट, राष्ट्रीय स्वरूप और भारत प्रतिदिन सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के लिए उन्होंने रिपोर्टिंग की है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लखनऊ आगमन से लेकर राजनीति, प्रशासन, जनसरोकार और शहर की महत्वपूर्ण घटनाओं की रिपोर्टिंग में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। श्री सिंह की विशेष रुचि खोजी पत्रकारिता और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल में है। इंटरनेट आधारित शोध, सूचना के स्रोतों की पड़ताल और खबर की बारीकियों तक पहुंचने की उनकी कार्यशैली उन्हें अलग पहचान देती है। बदलते मीडिया परिदृश्य में वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं। पत्रकारिता के साथ उन्हें संगीत और यात्रा में विशेष रुचि है। उनका मानना है कि एक पत्रकार के लिए जिज्ञासा, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और तथ्यों के प्रति ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। Santosh Kumar Singh की सभी खबरें देखें →
संबंधित लेख

8 साल बाद IPS जसवीर सिंह की वापसी, 2019 में क्यों हुई थी कार्रवाई? योगी पर NSA से लेकर राजा भैया तक जानिए पूरा घटनाक्रम

डेढ़ लाख लोगों की राह होगी आसान, गौरीगंज और दरोगाखेड़ा में बनेंगे FOB

यूपी में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की सबसे बड़ी झंझट होगी खत्म! अब दो गवाह लाने की जरूरत नहीं, योगी सरकार बदलने जा रही नियम

लखनऊ में मौसम ने बदला मिजाज, सुबह धुंध और हल्के कोहरे से बढ़ी ठंड; गोमतीनगर की हवा सबसे खराब
टॉप रीड्स

यूपी में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की सबसे बड़ी झंझट होगी खत्म! अब दो गवाह लाने की जरूरत नहीं, योगी सरकार बदलने जा रही नियम

डेढ़ लाख लोगों की राह होगी आसान, गौरीगंज और दरोगाखेड़ा में बनेंगे FOB

यूपी चुनाव से पहले शाही ईदगाह मस्जिद पर शुरू हो सकता है नया आंदोलन’, पूर्व जज मार्कंडेय काटजू की टिप्पणी से सियासी बहस तेज

विदेश में भारत को ‘आर्थिक आपदा’ बताने वाले राहुल गांधी से सवाल: GDP के आंकड़े क्यों नहीं रखे? विश्व बैंक और IMF की रिपोर्ट क्या कहती है?

रामकथा पर रोक की मांग या सियासत का नया एजेंडा? धीरेंद्र शास्त्री बोले- कथा रोकोगे तो नमाज पर भी उठेगी आवाज

अखिलेश पर धीरेंद्र शास्त्री का तंज- न कथा कर पाएंगे, न सुन पाएंगे! रामकथा का न्योता देकर बोले- पता है आप नहीं आएंगे

जनजातीय गौरव दिवस पर सीएम योगी की बड़ी सौगात, 50 हजार विद्यार्थियों को मिले टैबलेट




Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).