बड़े मियां और छोटे मियां को घुसपैठियों से प्यार, गरीबों के हक पर डाल रहे डाका: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित
सपा का मतलब दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती: मुख्यमंत्री योगी
घुसपैठियों की पैरवी करने वालों ने सीएए का भी किया विरोध, सपा-कांग्रेस से मुख्यमंत्री योगी ने पूछे सवाल
बाबा साहब, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े चार हजार स्थलों का होगा कायाकल्प: मुख्यमंत्री योगी
बिठूर की विरासत को मिलेगी नई पहचान, रामायण सर्किट से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
बिल्हौर-बिठूर को 411 करोड़ की सौगात, 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
वीरांगना ऊदा देवी, अवंती बाई और झलकारी बाई के नाम पर महिला पीएसी बटालियन, महापुरुषों की विरासत को सम्मान
कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में दो मियां हैं, एक बड़े मियां और दूसरे छोटे मियां। दोनों को बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से प्यार है, लेकिन दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को राशन कार्ड और सरकारी सुविधाएं दिलाकर गरीबों के हक पर डाका डालने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों को सबक सिखाने का समय आने वाला है। सपा का मतलब ही दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद है। विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास विरासत में नहीं मिलता। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना और रामायण पाठ किया। इस अवसर पर बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19 का शिलान्यास शामिल है। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
सीएए का विरोध करने पर सपा-कांग्रेस से सवाल
मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष को बताना चाहिए कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए पात्र हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदायों के लोगों को नागरिकता देने की व्यवस्था का विरोध क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वाले दलों को गरीबों और वंचितों के अधिकारों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
अखिलेश यादव की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, लेकिन उसे दोबारा हासिल करने के लिए जनता का विश्वास अर्जित करना पड़ता है। केवल पारिवारिक विरासत के भरोसे राजनीति नहीं चल सकती।
जवाहर बाग से मुजफ्फरनगर तक की घटनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और मथुरा के जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में आम लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं थे। जवाहर बाग में अवैध कब्जा हटाने पहुंचे पुलिस अधिकारी मुकुल द्विवेदी और संतोष यादव की हत्या कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री योगी ने कानपुर में वर्ष 1931 के दंगे में पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की हत्या और बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर के पिता की हत्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने दंगों और राजनीतिक हिंसा का दौर देखा है। कानून का शासन और शांतिपूर्ण वातावरण विकास की पहली आवश्यकता है।
रामायण और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत समेटे है बिठूर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की साधना और रामायण की रचना से जुड़ी भूमि है। इसी धरती पर माता सीता को आश्रय मिला और लव-कुश के बाल्यकाल की स्मृतियां जुड़ी हैं। बिठूर नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विरासत भी समेटे हुए है।
मुख्यमंत्री योगी ने महर्षि वाल्मीकि आश्रम के साथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक और आरती की। बटुकों से मुलाकात की और साधु-संतों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद नाना साहब धुंधूपंत पेशवा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेश के हजारों मंदिरों में अखंड रामायण पाठ कराया जा रहा है।
चार हजार स्थलों पर होंगे संरक्षण और सुंदरीकरण के कार्य
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े करीब चार हजार स्थलों के विकास की योजना है। यहां चहारदीवारी, छत, कैनोपी और सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि मंदिर के विकास और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखे जाने का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य और बिठूर में धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
वीरांगनाओं के नाम पर महिला पीएसी बटालियन
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, बदायूं में वीरांगना अवंती बाई लोधी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। लखनऊ में महाराजा बिजली पासी के स्मारक और किले के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि झांसी के किले में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम के जरिए रानी लक्ष्मीबाई और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा रही है।
16 करोड़ को मुफ्त राशन, 65 लाख परिवारों को आवास
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंच रहा है। प्रदेश में करीब 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 65 लाख गरीब परिवारों को आवास मिला है। उन्होंने 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ तथा दो करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन मिलने की जानकारी दी। दीपावली पर पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों की शादी कराई गई है। पात्र लाभार्थियों को विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दस लाभार्थियों को मिले योजनाओं के प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री आवास योजना की रीना और सौरभ यादव, स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के आशुतोष पांडेय, लखपति दीदी योजना की सीमा और रुखसार बानो, नंद बाबा दुग्ध मिशन के प्रियांशु, आयुष्मान योजना की सुषमा कुशवाहा तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की डॉ. दीप्ति तिवारी को प्रमाणपत्र दिए। सफाईकर्मी राजपाल वाल्मीकि और शिवम वाल्मीकि को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
सड़क, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी 48 परियोजनाओं की सौगात
बिल्हौर और बिठूर में लोकार्पित तथा शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। रामायण सर्किट के अंतर्गत घाटों के विकास, नौका सुविधा और होमस्टे को बढ़ावा देने की योजना है।
मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग के चौड़ीकरण, लखनऊ-मोहान-बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के कानपुर नोड में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।
बिठूर में बोटैनिकल गार्डन, बिल्हौर के ग्राम बनी, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों, न्यू कानपुर सिटी में 30 मीटर चौड़ी सड़क तथा ग्राम बर्रा खानपुर में ईसन नदी पर पुल के निर्माण से संबंधित परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने कानपुर मेट्रो, एयरपोर्ट, लखनऊ से जुड़ने वाले नए एक्सप्रेसवे और ट्रांस गंगा क्षेत्र में नए पुल की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने दी क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने क्षेत्र में सड़क, बिजली और घाटों के विकास का उल्लेख किया। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन को समता, न्याय और मानवता का संदेश देने वाला बताया। बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने सड़कों के चौड़ीकरण, खेरेश्वर मंदिर में जनसुविधाओं और मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी और सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, अविनाश सिंह चौहान और मानवेंद्र सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Syed Fiza Khatoon
सैयद फ़िज़ा खातून ‘विजुअल लाइव’ की तकनीकी एवं डिजिटल टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं। वर्ष 2014 में स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद से उन्होंने मीडिया के तकनीकी और डिजिटल कार्यों में अपनी दक्षता विकसित की है। न्यूज के लेआउट और प्रस्तुतीकरण, कंटेंट के डिजिटल प्रसारण तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खबरों के अपडेट में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। खबर को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने से लेकर उसके डिजिटल वितरण तक वह जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करती हैं। सौम्य और मिलनसार स्वभाव के साथ नई तकनीकों और बदलते डिजिटल मीडिया को सीखने की निरंतर ललक उनकी कार्यशैली की खास पहचान है। टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना और हर कार्य में कुछ नया सीखना उनकी पेशेवर सोच को दर्शाता है। डिजिटल पत्रकारिता के तेजी से बदलते दौर में तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच के साथ सटीक, आकर्षक और प्रभावी न्यूज प्रस्तुतीकरण* में उनका योगदान ‘विजुअल लाइव’ की डिजिटल टीम को मजबूती प्रदान करता है। Syed Fiza Khatoon की सभी खबरें देखें →
संबंधित लेख

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर तीसरी आंख का पहरा, 140 कैमरे पकड़ेंगे तेज रफ्तार वाहन; कटेगा ई-चालान

टीएचआर इकाइयों से 4,080 महिलाओं को रोजगार, 3,104 करोड़ रुपये का उत्पादन

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

60 हजार ग्राम प्रहरियों के लिए अहम दिन होगा 13 अक्टूबर, मानदेय वृद्धि की उम्मीद
टॉप रीड्स

सरकार और जनता के बीच पारदर्शी संवाद से अफवाहों और गलतफहमियों पर लगेगी रोक: विशाल सिंह

वाराणसी में एयर शो से पहले बड़ी कार्रवाई, कबूतरों की जालियों के साथ दो बंदूकें बरामद

शहीदों के प्रति राष्ट्र का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता: सीएम योगी

कला हमारी संस्कृति का दर्पण, इसमें अतीत की स्मृतियां और भविष्य की आकांक्षाएं झलकती हैं: राष्ट्रपति

दूसरे राज्यों से आने वाले रक्त की भी होगी गुणवत्ता जांच, यूपीएफएसडीए ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव

सौर ऊर्जा से बढ़ेगी किसानों की कमाई, खेती की लागत घटाने में मददगार होगी एग्री-वोल्टेइक तकनीक

68,500 शिक्षक भर्ती: 26 अक्टूबर से भूख हड़ताल करेंगे पिछड़े और दिव्यांग अभ्यर्थी




Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).