
झुलस रहा उत्तर भारत, मौसम विभाग ने जारी किया 'येलो अलर्ट'
लखनऊ। देश के उत्तरी हिस्सों में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। खासकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी के तेवर आज से और तीखे हो रहे हैं। दिल्ली के लोगों का वीकेंड प्रचंड गर्मी के बीच गुजरने वाला है। शुक्रवार से रविवार तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने गर्मी के लिहाज से 13 से 15 मई के बीच येलो अलर्ट घोषित किया है। इस बीच कई जगहों पर हीटवेव का असर रहेगा। मौसम विभाग बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने का सुझाव दे रहा है वहीं अंडमान निकोबार में भारी बारिश के बीच अनुमान जताया जा रहा है कि इस बार मानसून समय से पहले आमद दे सकता है।
यूपीः बारिश के कारण गर्मी से मिली राहत
कई दिनों से जारी तेज गर्मी को गुरुवार शाम चली तेज आंधी और बारिश ने काफूर कर दिया। लखनऊ में गुरुवार दिनभर तेज धूप रही। इस बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मई में अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके बाद शाम करीब चार बजे बादल छाए, फिर कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूर्वी यूपी में बने सर्कुलेशन के असर से शहर समेत पूरे प्रदेश में दक्षिण पूर्वी हवाएं चल रही हैं। हवाओं को गुरुवार को नमी का साथ मिला तो बारिश और आंधी की स्थिति बनी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल पूर्वी यूपी में चक्रवाती परिस्थितियां बनी हुईं हैं। इसके असर से पूर्वी यूपी के बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर में शुक्रवार और रविवार और सोमवार को बदली-बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
समय से पहले आ रहा मॉनसून!
देश में इस साल मॉनसून समय से पहले आ सकता है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली मौसमी बारिश 15 मई को होने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक बयान में बताया, ‘दक्षिण पश्चिम मॉनसून के 15 मई 2022 के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है।’ समय से पूर्व मॉनसून आने की अनुकूल परिस्थितियां बनने और इसके केरल के ऊपर और फिर उत्तर की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).