साफ्टवेयर इंजीनियर ने होटल में खाया जहरीला पदार्थ हुई मौत
उज्जैन। इंदौर निवासी साफ्टवेयर इंजीनियर ने नानाखेड़ा स्थित होटल में जहरीला पदार्थ खा लिया। कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया तो काफी देर तक खुला नहीं। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवक अचेत अवस्था में लिया। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक कुछ दिन पूर्व ही अमेरिका से लौटा था।
पुलिस ने बताया कि देवनाथ उम्र 24 वर्ष निवासी विष्णुपुरा इंदौर 26 अप्रैल को उज्जैन आया था। यहां वह नानाखेड़ा क्षेत्र में रिद्धि-सिद्धि होटल में ठहरा हुआ था। शनिवार को उसे कमरा खाली करना था। मगर चेकआउट टाइम होने के बाद भी जब देवनाथ ने कमरा खाली नहीं किया तो कर्मचारी उससे बात करने पहुंचा था।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी देवनाथ ने दरवाजा नहीं खोला था। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देवनाथ कमरे में अचेत अवस्था में मिला। उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
इंदौर में थी गुमशुदगी दर्ज
टीआई नरेंद्र यादव ने बताया कि देवनाथ साफ्टवेयर इंजीनियर था। कुछ दिनों पूर्व ही वह अमेरिका से इंदौर लौटा था। दो दिन से वह इंदौर से लापता था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। स्वजन ने इंदौर के भंवरकुआं थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। स्वजन उसे तलाशने के लिए उज्जैन भी आए थे। हालांकि वह उन्हें नहीं मिला था। मृतक के पास से मिले दस्तावेज के आधार पर पुलिस ने स्वजन से संपर्क किया था। मृतक की पत्नी भी इंजीनियर बताई जा रही है।
Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).